November 3, 2026 00:56:15

AIN Bharat

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,AIN Bharat

कम दृश्यता के कारण नहीं हो सकी लैंडिंग, काठमांडू लौटी अंतरराष्ट्रीय उड़ान; मुंबई की फ्लाइट रद्द, 14 विमान घंटों की देरी से संचालित

1 min read

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]

[URIS id=18422]

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को कोहरे और कम दृश्यता ने हवाई सेवाओं की रफ्तार थाम दी। सुबह से ही मौसम खराब रहने के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हुआ। रनवे पर उतरने की अनुमति नहीं मिलने से कई विमान हवा में चक्कर लगाते रहे। स्थिति ऐसी रही कि तीन उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर भेजना पड़ा, जबकि मुंबई की एक उड़ान रद्द कर दी गई। इसके अलावा 14 फ्लाइट निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं।
दिन की सबसे लंबी परेशानी काठमांडू से वाराणसी पहुंचने वाली बुद्धा एयर की अंतरराष्ट्रीय उड़ान के यात्रियों को झेलनी पड़ी। विमान ने वाराणसी एयरपोर्ट के ऊपर 20 से अधिक चक्कर लगाए। इसके बावजूद दृश्यता में सुधार नहीं होने से लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। आखिरकार विमान को वापस काठमांडू भेजना पड़ा।

लखनऊ और काठमांडू की ओर डायवर्ट किए गए विमान
कम दृश्यता के चलते इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू और नई दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट भेज दिया गया। वहीं बुद्धा एयर की काठमांडू से आने वाली फ्लाइट को उसके मूल शहर वापस लौटना पड़ा। इस तरह कुल तीन उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा।
मौसम के चलते स्पाइसजेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान का संचालन भी नहीं हो सका और इसे निरस्त कर दिया गया। अचानक हुए बदलाव से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजनाओं में फेरबदल करना पड़ा।
पुणे की उड़ान में पांच घंटे से अधिक की देरी
कोहरे का असर केवल लैंडिंग तक सीमित नहीं रहा। एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 अन्य उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इनमें स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट सबसे अधिक 5 घंटे 10 मिनट की देरी से संचालित हुई। इंडिगो की लखनऊ-वाराणसी उड़ान 3 घंटे 1 मिनट और एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट 1 घंटे 44 मिनट देर से पहुंची।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-शारजाह उड़ान के संचालन में 51 मिनट की देरी हुई। इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, खजुराहो और हैदराबाद से जुड़ी उड़ानें भी करीब 15 से 54 मिनट तक प्रभावित रहीं।
वेटिंग हॉल में बढ़ी यात्रियों की भीड़
उड़ानों के रद्द होने, डायवर्ट किए जाने और देरी से चलने के कारण एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। सुबह से ही वहां भीड़ बनी रही। खासकर दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाले तथा वहां से वाराणसी पहुंचने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी हुई। कई यात्रियों को कनेक्टिंग यात्रा और आगे के कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते पूरे दिन हवाई परिचालन प्रभावित रहा।

वाराणसी प्रभारी

नमस्कार,AIN Bharat में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 7607610210,7571066667,9415564594 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें