ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से यूपी की सियासत में हलचल, मतदाताओं ने जताई अलग-अलग राय
1 min read
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। अभी चुनाव में समय है, लेकिन प्रदेश की छोटी-बड़ी सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति बनाने और सियासी समीकरण साधने में जुट गई हैं। हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के बीच हुए गठबंधन ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। इस गठबंधन को लेकर सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों और मतदाताओं के बीच भी चर्चाओं का दौर जारी है।
नंदगंज क्षेत्र में जब विभिन्न वर्गों के मतदाताओं से इस गठबंधन के प्रभाव को लेकर बातचीत की गई तो कई लोगों ने इसे प्रदेश की राजनीति में कोई बड़ा बदलाव लाने वाला गठबंधन मानने से इनकार किया। कुछ मतदाताओं का कहना था कि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का उत्तर प्रदेश में अभी ऐसा व्यापक जनाधार नहीं है, जिससे प्रदेश के चुनावी समीकरण में बड़ा बदलाव हो सके।
बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा से जुड़े कुछ मतदाताओं ने कहा कि आज भी दलित समुदाय के लोग बहन मायावती के साथ खड़े हैं और आगे भी रहेंगे। उनका कहना था कि मायावती ने समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने दलित समाज के हितों और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसलिए केवल नए गठबंधन के आधार पर मतदाताओं का रुख बदलना आसान नहीं है।
वहीं, मुस्लिम मतदाताओं के एक वर्ग ने ओवैसी की राजनीतिक भूमिका पर अपनी राय रखते हुए कहा कि उन्हें पूरी मुस्लिम बिरादरी का नेता नहीं माना जा सकता। मुस्लिम समाज में कुछ लोग जरूर उनके समर्थक हैं, लेकिन अधिकांश मतदाता स्थानीय परिस्थितियों और अपने राजनीतिक विकल्पों को देखकर ही फैसला करते हैं। उनका कहना था कि ओवैसी हैदराबाद की राजनीति से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी अभी तक सत्ता में अपनी मजबूत जगह नहीं बना पाई है।
कुछ मतदाताओं का मानना है कि ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन मुस्लिम एवं दलित मतदाताओं को व्यापक रूप से प्रभावित नहीं कर पाएगा। हालांकि, कुछ सीटों पर यह गठबंधन अन्य राजनीतिक दलों के वोटों में सेंध लगाकर चुनावी परिणामों को प्रभावित कर सकता है।
मतदाताओं के बीच एक राय यह भी सामने आई कि फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच दिखाई दे रहा है। हालांकि, चुनाव से पहले बनने वाले गठबंधन, प्रत्याशियों का चयन और स्थानीय मुद्दे चुनावी तस्वीर को बदल सकते हैं।
फिलहाल ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इसका वास्तविक प्रभाव कितना होगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट हो पाएगा। मतदाताओं का कहना है कि किसी भी गठबंधन की असली ताकत का आकलन चुनाव के दौरान जनता के रुख और मतदान के परिणामों से ही किया जा सकता है।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
