घरेलू गैस सिलेंडर हुआ महंगा, प्रति रिफिल 60 रुपये की बढ़ोतरी
1 min read
जोर का झटका धीरे से
अयोध्या : घरेलू गैस सिलेंडर हुआ महंगा, प्रति रिफिल 60 रुपये की बढ़ोतरी
अयोध्या : जनपद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये प्रति रिफिल की बढ़ोतरी की गई है। जिला पूर्ति विभाग की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि मूल्य वृद्धि शुक्रवार रात से लागू कर दी गई है।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार जनपद में एलपीजी रिफिल की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
एजेंसी के अनुसार अलग हो सकता है अंतिम मूल्य
पूर्ति विभाग के मुताबिक घरेलू गैस सिलेंडर का अंतिम मूल्य एजेंसियों की भौगोलिक स्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित एजेंसियों पर परिवहन और अन्य कारणों से कीमत में कुछ अंतर संभव है।
पहले बुकिंग होने पर भी देना होगा बढ़ा हुआ मूल्य
पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि ऑयल कंपनियों की नीति के अनुसार यदि किसी उपभोक्ता ने पहले गैस रिफिल बुक कराई है, लेकिन डिलीवरी से पहले कीमत बढ़ जाती है, तो उपभोक्ता को डिलीवरी के समय बढ़ी हुई कीमत ही चुकानी होगी।
वहीं यदि बुकिंग के बाद कीमत में कमी आती है, तो उपभोक्ता को कम हुई कीमत पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
रिफिल लेने की समय सीमा बढ़ाकर 21 दिन
विभाग ने यह भी बताया कि गैस एजेंसियों द्वारा रिफिल डिलीवरी की समय सीमा बढ़ाकर 21 दिन कर दी गई है। इसके तहत उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा रिफिल 21 दिन के बाद ही प्राप्त कर सकेंगे।पूर्ति विभाग ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को मूल्य वृद्धि और नई समय सीमा की जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
