थोक दवा दुकानों पर सख्ती: ग़ाज़ीपुर में ड्रग इंस्पेक्टर की जांच, केमिस्टों को जारी किए गए दिशा-निर्देश
1 min read
थोक दवा दुकानों पर सख्ती: ग़ाज़ीपुर में ड्रग इंस्पेक्टर की जांच, केमिस्टों को जारी किए गए दिशा-निर्देश
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज
ग़ाज़ीपुर।प्रदेश सरकार के निर्देश पर इन दिनों पूरे उत्तर प्रदेश में थोक दवा दुकानों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग़ाज़ीपुर जनपद में भी औषधि निरीक्षक द्वारा लगातार दवा दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। सोमवार को शहर के न्यू मार्केट, मिश्रा बाजार क्षेत्र में कई थोक दवा दुकानों की जांच की गई, जिससे दवा व्यवसायियों में हलचल देखी गई।
ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी, ग़ाज़ीपुर के महामंत्री अश्वनी राय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह जांच शासन के निर्देश पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य दवा कारोबार में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।
अश्वनी राय ने सभी केमिस्ट भाइयों से अपील करते हुए कहा कि वे जांच के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने कहा कि सभी दवा विक्रेता अपने प्रतिष्ठान में लाइसेंस को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखें। बिना बिल के किसी भी दवा की खरीद न करें और दवाओं के बैच नंबर तथा एक्सपायरी डेट का मिलान अवश्य करें। फ्रिज में रखी जाने वाली दवाओं को निर्धारित तापमान में ही सुरक्षित रखें।
इसके अलावा, एक्सपायर्ड एवं ब्रेकेज (क्षतिग्रस्त) दवाओं को अलग रैक में रखकर उस पर लाल रंग से “NOT FOR SALE” अंकित करना अनिवार्य है। जांच के दौरान व्यवसायियों से उनके अनुभव प्रमाणपत्र जारी करने वाले का विवरण भी पूछा जा रहा है, इसलिए इसकी जानकारी तैयार रखें। साथ ही, पिछली बार दुकान की जांच कब हुई थी, इसकी जानकारी भी उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार पशु एवं मानव उपयोग की दवाएं दोनों बेचता है, तो उन्हें अलग-अलग रैक में व्यवस्थित रखा जाए। यदि दुकान का स्थान बदल गया है, तो लाइसेंस में उसका संशोधन (एड्रेस अपडेट) अवश्य कराया जाए।
अंत में अश्वनी राय ने कहा कि ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी सभी केमिस्ट भाइयों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संस्था हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर संगठन कंधे से कंधा मिलाकर दवा व्यवसायियों के हित में कार्य करता रहेगा।
