नंदगंज क्षेत्र में नवरात्र को लेकर पंडाल निर्माण में जुटे युवा, रात-दिन चल रही तैयारियां
1 min read
गाजीपुर। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर नंदगंज क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पूजा समितियों की ओर से भव्य पंडालों का निर्माण कराया जा रहा है।
नंदगंज थाना के बगल में, चोंचकपुर मोड़ तथा शादियाबाद मोड़ पर दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य और युवा कार्यकर्ता दिन-रात पंडाल तैयार करने में जुटे हुए हैं। कोई बांस-बल्लियां लगाने में लगा है तो कोई पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सजावट के कार्य में जुटा हुआ है। युवाओं में नवरात्र को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पंडाल निर्माण में जुटे युवाओं का कहना है कि मां दुर्गा की पूजा-अर्चना को लेकर हर वर्ष क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। इसी को देखते हुए इस बार भी पंडाल को आकर्षक और भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। पूजा समिति के सदस्य आपसी सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
पंडाल निर्माण में युवाओं के लगातार किए जा रहे परिश्रम और उत्साह की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देती है। नवरात्र शुरू होने से पहले ही क्षेत्र में पूजा को लेकर उत्साह और चहल-पहल का माहौल दिखाई देने लगा है।
गाज़ीपुर रिपोर्टर Ain भारत न्यूज
