रिकेट में सुनैना कुमारी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान
1 min read
गाजीपुर। शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज की कक्षा 12 सी-वन की छात्रा सुनैना कुमारी ने क्रिकेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का मान बढ़ाया है। 9 अक्टूबर 2026 को कालिका धाम इंटर कॉलेज, सेवापुरी, वाराणसी में आयोजित मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सुनैना का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर सोमवार, 12 अक्टूबर को शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज के प्रांगण में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज ने की। उन्होंने सुनैना को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि बेटियों का खेल के क्षेत्र में इस तरह आगे बढ़ना पूरे पूर्वांचल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुनैना राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेगी।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नारी पंचदेवरा, गाजीपुर की प्रधानाचार्य रीता कुमारी तथा राजकीय हाई स्कूल, सहेड़ी की सहायक अध्यापक वंदना यादव उपस्थित रहीं। इसके अलावा उषा सिंह, मीना सिंह, मधु सिंह, जितेंद्र राम, हरिश्चंद्र राम, अभय कुमार सिंह और वीर प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी अतिथियों ने सुनैना को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। सुनैना की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
