कंगना रनौत का अखिलेश यादव पर निशाना, बोलीं- सपा सरकार में यूपी में सिर्फ गोलियां चलीं
1 min read
वाराणसी। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश में उसके शासनकाल को लेकर सवाल उठाए। बुधवार को वाराणसी पहुंचीं कंगना ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मेट्रो संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और उनके पिता की सरकारों में यहां विकास के बजाय गोलियां चलवाई गईं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है और शहर में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है।
कंगना ने कहा कि उत्तर प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है और इसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। उन्होंने काशी में अपने प्रवास को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वह शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाएंगी, यहां घूमने-फिरने का आनंद लेंगी और खरीदारी भी करेंगी।
पिछली यात्रा में खरीदा था शिवलिंग
कंगना इससे पहले 24 नवंबर 2025 को भी वाराणसी आई थीं। उस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव के दर्शन किए थे। दर्शन के बाद उन्होंने काशी की संकरी गलियों में भ्रमण किया और स्थानीय दुकानों से खरीदारी की थी। इस दौरान उन्होंने एक शिवलिंग भी खरीदा था। इसके अलावा दीना चाट भंडार पर चाट का स्वाद लिया और कुल्हड़ में चाय पी थी।
कई बार काशी आ चुकी हैं कंगना
कंगना रनौत का वाराणसी दौरा इससे पहले भी कई मौकों पर हो चुका है।
● 6 मई 2017: फिल्म ‘मणिकर्णिका’ के प्रचार के सिलसिले में पहली बार काशी पहुंचीं। बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में शामिल हुईं।
● 23 सितंबर 2019: सद्गुरु जग्गी वासुदेव के कार्यक्रम में शामिल होने वाराणसी आईं।
● 8 सितंबर 2020: काशी प्रवास के दौरान वाराणसी पहुंचीं और अपने सोशल मीडिया पर यहां की तस्वीर साझा की।
● 25 नवंबर 2023: बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए तथा गलियों में भ्रमण किया।
● 24 नवंबर 2025: मंदिरों में दर्शन के साथ काशी की गलियों में घूमीं और खरीदारी की।
इस बार भी कंगना ने काशी भ्रमण और खरीदारी की इच्छा जताई है।
वाराणसी प्रभारी
