November 6, 2026 20:06:04

AIN Bharat

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,AIN Bharat

धनतेरस पर नंदगंज बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, देर शाम तक जारी रहेगी खरीदारी

1 min read

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]

[URIS id=18422]

गाजीपुर। धनतेरस का पर्व शुक्रवार को क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर नंदगंज बाजार में सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर बाद बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे बाजार में विशेष चहल-पहल और रौनक देखने को मिली।
धनतेरस के मद्देनजर दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार के सामानों की विशेष व्यवस्था की गई थी। बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहन और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। वहीं बाजार में जगह-जगह झाड़ू की दर्जनों अस्थायी दुकानें भी लगी हुई थीं, जहां महिलाएं और पुरुष अपनी मान्यता के अनुसार झाड़ू खरीदते नजर आए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन सोना-चांदी, बर्तन, आभूषण तथा अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी की।
महिलाओं में पूजा-पाठ और घरेलू उपयोग के लिए पीतल, तांबे तथा स्टील के बर्तन खरीदने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। वहीं बच्चों और युवाओं में भी नए सामान खरीदने को लेकर काफी उमंग रही। बाजार में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।
भीड़ को देखते हुए बाजार में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे। समाचार लिखे जाने तक बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के आने और खरीदारी करने का सिलसिला जारी था। उम्मीद जताई जा रही थी कि देर शाम तक बाजार में इसी तरह चहल-पहल बनी रहेगी।

 

रिपोर्टर Ain भारत न्यूज गाज़ीपुर

नमस्कार,AIN Bharat में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 7607610210,7571066667,9415564594 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें