यम द्वितीया पर कायस्थ समाज ने की भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना
1 min read
गाजीपुर। यम द्वितीया के पावन अवसर पर बुधवार को नंदगंज के पत्रकार पुरम सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कायस्थ समुदाय के लोगों ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की। इस अवसर पर लोगों ने विधि-विधान से कलम-दवात की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, ज्ञान, बुद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री चित्रगुप्त को सृष्टि के समस्त जीवों के अच्छे-बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। वे धर्मराज यमराज के सहयोगी हैं और मनुष्यों के कर्मों का हिसाब रखते हैं। मान्यता है कि ब्रह्मा जी ने अपनी काया से भगवान चित्रगुप्त की उत्पत्ति की थी। इसी कारण उन्हें कायस्थ समाज का आराध्य देव माना जाता है।
चित्रगुप्त पूजा में कलम और दवात का विशेष महत्व है। यह पूजा ज्ञान, लेखन, विवेक, न्यायप्रियता और सद्कर्मों के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। कायस्थ समाज में इस पर्व को विशेष महत्व दिया जाता है। परंपरा के अनुसार इस दिन पूजा-अर्चना करने से पहले कलम का प्रयोग नहीं किया जाता है। विधिवत पूजा के बाद ही कलम उठाने की परंपरा निभाई जाती है।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
