November 16, 2026 12:45:54

AIN Bharat

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,AIN Bharat

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व डाला छठ, व्रती महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

1 min read

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]

[URIS id=18422]

ग़ाज़ीपुर। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ विभिन्न घाटों, पोखरों और जलाशयों पर पहुंचकर उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की व्रती महिलाएं तड़के सुबह से ही अपने परिजनों के साथ गांवों के पोखरों एवं जलाशयों पर पहुंचने लगी थीं। वहीं नंदगंज क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरहपुर स्थित गांगी नदी के तट पर पहुंचे। श्रद्धालु ट्रैक्टर, पिकअप, टेम्पो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों से छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचे। नदी के तट पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठ व्रत का पारण किया।
इस दौरान घाटों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। नंदगंज थाना के थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ पूजा संपन्न होने के बाद घरों में छठी मइया के प्रसाद वितरण का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाएं अपने शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच प्रसाद वितरित कर पर्व की खुशियां साझा करने लगीं।

 

रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur

नमस्कार,AIN Bharat में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 7607610210,7571066667,9415564594 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें