आंचलिक चेतना के अमर हस्ताक्षर थे साहित्यकार डॉ. विवेकी राय
1 min readगाजीपुर। साहित्य जगत में आंचलिक चेतना को नई पहचान दिलाने वाले प्रख्यात साहित्यकार एवं यश भारती सम्मान से सम्मानित स्वर्गीय डॉ. विवेकी राय की जयंती गुरुवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जोनल रेलवे ट्रेनिंग सेंटर परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें ग्रामीण जीवन और आंचलिक चेतना का अमर हस्ताक्षर बताया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. विवेकी राय ने अपने साहित्य के माध्यम से गांव, किसान, खेत-खलिहान, ग्रामीण संस्कृति और आम जनजीवन की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त किया। विभिन्न साहित्यिक विधाओं में रचित उनकी पांच दर्जन से अधिक कृतियां उनके व्यापक साहित्यिक योगदान की साक्षी हैं। प्रेमचंद और फणीश्वरनाथ रेणु के बाद आंचलिक चेतना के महत्वपूर्ण साहित्यकारों में उनका विशिष्ट स्थान माना जाता है।
डॉ. विवेकी राय का जन्म 19 नवंबर 1924 को बलिया जनपद के भरौली गांव में अपने मामा बचाऊ राय के घर हुआ था। बचपन से ही मेधावी रहे डॉ. राय ने स्वाध्याय के बल पर एमए और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अपने गांव सोनवानी, गाजीपुर के नरही और बलिया के खरडीहा में अध्यापन कार्य किया। इसके बाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के हिंदी विभाग में प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
उनका साहित्यिक सफर बचपन से ही शुरू हो गया था, जो जीवन के अंतिम पड़ाव तक निरंतर जारी रहा। वे एक कुशल किसान, समर्पित शिक्षक और ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं को गहराई से समझने वाले साहित्यकार थे। उनके लेखन में गांव की मिट्टी की खुशबू, किसानों का संघर्ष, सामाजिक सरोकार और लोकजीवन की सहजता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. विवेकी राय का संपूर्ण जीवन ग्रामीण समाज के उत्थान और उसकी चेतना को जागृत करने के लिए समर्पित रहा। जीवन के उत्तरार्द्ध में गाजीपुर शहर में रहने के बावजूद उनका मन हमेशा गांवों में ही रमता रहा। उनके साहित्य पर देश के अनेक शोधार्थियों ने पीएचडी और डी.लिट की उपाधियां प्राप्त की हैं। उनका साहित्य आज भी नई पीढ़ी के लेखकों, साहित्यकारों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
इस अवसर पर शिवकुमार, मनीष मिश्रा, कृपा कृष्ण (केके), विनीत दुबे, राजू उपाध्याय, चंद्रिका यादव, आरएन राय, संजीव कुमार, रतन कुमार (विक्की), आसिफ अंसारी, रिजवान, संदीप श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, छवि पराशर, राम बचन गुप्ता, शशांक, अभिषेक कुमार, पीयूष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में स्वर्गीय डॉ. विवेकी राय के पौत्र यशवंत राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
AIN Bharat News Gazipur
