बाबा श्याम का जन्मोत्सव कल, भव्य कीर्तन और छप्पन भोग के साथ होगा विशाल भंडारा
1 min read
गाजीपुर। क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए बाबा खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को नंदगंज स्थित श्री संकट मोचन धाम सेवा न्यास परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार, अखंड ज्योत, मधुर भजन-कीर्तन, छप्पन भोग, महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार की शाम सात बजे से होगी। इस दौरान बाबा श्याम के भक्त भजन-कीर्तन के माध्यम से बाबा का गुणगान करेंगे। जन्मोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके साथ ही छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
इस धार्मिक आयोजन का संचालन श्री संकट मोचन धाम सेवा न्यास, नंदगंज गाजीपुर एवं श्याम सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर बाबा श्याम के जन्मोत्सव में शामिल होने तथा पुण्य के भागीदार बनने की अपील की है।
कार्यक्रम में दर्शनाभिलाषी के रूप में विशाल श्रीचरण सेवक पुरोहित स्वामी श्री फूलचंद दास जी महाराज की उपस्थिति रहेगी। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
