काशी से पूर्व CBI निदेशक एम. नागेश्वर राव की राजनीतिक पारी शुरू, सर्वजन सनातन पार्टी के बने राष्ट्रीय अध्यक्ष
1 min read
वाराणसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव ने काशी से अपनी सक्रिय राजनीतिक पारी शुरू करने का ऐलान किया है। वाराणसी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ (SSP) के गठन की घोषणा की। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है।
करीब चार दशक तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक क्षेत्र में काम करने वाले राव ने कहा कि राजनीति में उनका प्रवेश सार्वजनिक जीवन की नई जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने के अनुभव का इस्तेमाल अब देश और समाज के व्यापक हित में किया जाएगा। उन्होंने आधुनिक विकास के साथ भारत की सभ्यतागत और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने पर जोर दिया।
चार मुद्दों को बनाया पार्टी का आधार
एम. नागेश्वर राव ने पार्टी की प्राथमिकताओं में चार प्रमुख क्षेत्रों को रखा है—शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सभ्यतागत जुड़ाव। उनका कहना है कि देश के विकास को इन क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तथा युवाओं, किसानों, कारीगरों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों के लिए आजीविका के अवसरों की बात कही। साथ ही भारतीय भाषाओं, कला, मंदिरों, तीर्थस्थलों, त्योहारों और ज्ञान परंपराओं को देश की सभ्यतागत विरासत का हिस्सा बताते हुए इनके संरक्षण पर जोर दिया।
शिक्षा को रोजगार और आजीविका से जोड़ने पर जोर
राव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की। उनका जोर ऐसे मॉडल पर है, जिसमें पढ़ाई के साथ युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार किया जा सके। उनका कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को सम्मानजनक आजीविका के लिए सक्षम बनाना भी होना चाहिए।
उन्होंने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था को भारतीय समाज की जरूरतों और सभ्यतागत दृष्टिकोण के अनुरूप देखने की आवश्यकता जताई।
सनातन’ को बताया जीवन-दृष्टि
पार्टी के नाम और विचारधारा पर राव ने कहा कि उनके लिए सनातन केवल पूजा-पद्धति तक सीमित अवधारणा नहीं है। उन्होंने इसे सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा और जनकल्याण से जुड़ी जीवन-दृष्टि के रूप में परिभाषित किया।
उन्होंने पार्टी का सूत्र वाक्य ‘सत्य सनातन, नित्य नूतन’ बताया। उनके अनुसार भारत को आधुनिक विज्ञान, तकनीक और विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक और सभ्यतागत जड़ों से भी जुड़ा रहना चाहिए।
यूपी की राजनीति में विस्तार की तैयारी
राव ने उत्तर प्रदेश में पार्टी को सक्रिय करने की योजना भी सामने रखी है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की बात कही है। वहीं, राव ने अपने बारे में कहा है कि वह स्वयं चुनाव नहीं लड़ेंगे।
पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राकेश तिवारी को दी गई है। काशी से राजनीतिक यात्रा शुरू करने को लेकर राव ने इसे भारत की सभ्यतागत निरंतरता से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान बताया है।
प्रभारी वाराणसी
