विजयादशमी पर नंदगंज में उमड़ा जनसैलाब, एक किलोमीटर तक लगा विराट मेला
1 min read
गाजीपुर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को नंदगंज बाजार में पूरब से पश्चिम तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में विराट मेले का आयोजन हुआ। मेले में सुबह से ही विभिन्न प्रकार की दुकानें सजनी शुरू हो गई थीं। दोपहर करीब दो बजे से नंदगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो समाचार लिखे जाने तक जारी रहा।
मेले में महिलाएं अपने बच्चों और परिवार के साथ बड़ी संख्या में पहुंचीं। कोई पैदल तो कोई दोपहिया और चारपहिया वाहनों से मेला देखने आया। भीड़ को देखते हुए वाहनों को मेला क्षेत्र से बाहर खड़ा कराया जा रहा था, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। वाहन खड़े करने वाले स्थानों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नंदगंज थाने की पुलिस जगह-जगह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ लगातार भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस की सतर्कता के बीच लोग उत्साहपूर्वक मेले का आनंद लेते नजर आए।
वहीं, बाजार में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा था। मेले में घूमने के बाद लोग अपने घरों की ओर लौटते रहे, जबकि नए लोगों के आने का क्रम लगातार जारी रहा। विजयादशमी के अवसर पर नंदगंज बाजार में उत्सव और मेले का माहौल बना रहा।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
