अस्पताल गेट के पास टूटे विद्युत खंभे से हादसे की आशंका, टीनशेड के सहारे टिका
1 min read
गाजीपुर। नंदगंज स्थित नवीन स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट से सटा विद्युत विभाग का सीमेंट का खंभा करीब एक सप्ताह से नीचे से टूटकर टीनशेड के सहारे खड़ा है। खंभे की जर्जर स्थिति को देखते हुए कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक दूसरा खंभा लगाने की व्यवस्था नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि किसी अज्ञात वाहन के पीछे करने के दौरान उक्त विद्युत खंभे में टक्कर लग गई थी, जिससे वह नीचे से टूट गया। इसके बाद से खंभा टीनशेड के सहारे टिका हुआ है। अस्पताल के मुख्य गेट के पास कई गुमटियों में दुकानें संचालित होती हैं। यहां दुकानदारों के अलावा मरीजों और उनके तीमारदारों का भी दिनभर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में टूटे खंभे के कभी भी गिरने से जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस समस्या की शिकायत विद्युत उपकेंद्र पर की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खंभे की स्थिति लगातार खतरे को बढ़ा रही है। यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
नागरिकों ने संबंधित विद्युत अधिकारियों से मांग की है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टूटे खंभे को तत्काल हटाकर उसके स्थान पर नया खंभा लगाया जाए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों, दुकानदारों और राहगीरों को संभावित हादसे से बचाया जा सके।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज Gazipur
