रावण के आतंक से परेशान हुआ संसार आज अवतार लेंगे श्री राम।

रावण के आतंक से परेशान हुआ संसार आज अवतार लेंगे श्री राम।
वाराणसी/ रामनगर विश्व प्रसिद्ध रामलीला में रामनगर की विश्वप्रसिद्ध रामलीला हर साल की तरह अनंत चतुर्दशी पर गुरुवार की शाम रावण जन्म और क्षीर सागर की झांकी के साथ शुरू हो गई। मुक्ताकाशीय मंच पर शुरू हुई रामलीला एक महीने तक लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती रहेगी। रामनगर में भगवान श्रीराम की लीलाएं जीवंत रहेंगी। बुराई पर अच्छाई की विजय का सदियों पुराना संदेश नेमियों के सामने फिर से साकार होगा। आने वाले 31 दिनों तक रामनगर का माहौल राममय रहेगा।
गुरुवार को रामबाग पोखरे पर क्षीरसागर की झांकी सजी। रामबाग पोखरे में अब पर्याप्त पानी आ चुका है। पिछले कई दिनों से स्वयंसेवकों की टीम यहां की साफ सफाई में जुटी थी। क्षीर सागर की झांकी से पहले रावण जन्म की लीला मंचित हुई और जन्म होते ही रावण ने ब्रह्मा से वर मांगा की वानर और मनुष्य को छोड़ मेरी मृत्यु किसी के हाथों ना हो। इसी वरदान के साथ रावण ने स्वर्ग के देवताओं पर घोर अत्याचार करना शुरू कर दिया। प्रभु राम के जन्म की भविष्यवाणी के साथ ही प्रथम दिन की रामलीला का श्री गणेश होता है। जन्म के बाद रावण ब्रह्मा जी से वरदान मांग देवताओं पर अत्याचार करना शुरू कर देता है। वहीं कुम्भकरण 6 महीने सोने और एक दिन जागने का वरदान मांगता है तो विभीषण भगवान राम के चरणों में अनुराग का वर मांगते हैं। ब्रह्मा कहते हैं राक्षसों का यह राजा बहुत दिनों तक साम्राज्य फैलाएगा लेकिन जिस दिन कोई वानर लंका में घुसेगा समझ लेना राक्षसों के संहार के दिन शुरू हो गये। माल्यवान रावण से त्रिकुट पर्वत पर बसी लंका में निवास करने की सलाह देता है।कुबेर दूत कुबेर से बताता है कि रावण उन पर आक्रमण की तैयारी में सेना सहित आया है। रावण राक्षसों से कहता है कि देवताओं का यज्ञ न होने पाये, उसमें बाधा उत्पन्न कर यज्ञ को खत्म कर दो। मेघनाथ देवताओं के राजा इंद्र को पकड़ लेता है लेकिन ब्रह्मा जी के ब्रह्मस्थ देने पर वह इंद्र को छोड़ देता है। रावण डुगडुगी बजाकर देवताओं पर हमला कर देता है। पुराण वाचने पर देवताओं को आग के हवाले करने की चेतावनी देता है।
परेशान देवता बैकुंठवास कर रहे भगवान विष्णु के पास जाकर रक्षा की गुहार लगाते हैं। तभी भविष्यवाणी होती है कि तुम लोग डरो मत। हम तुम्हारे लिए मनुष्य का तन धारण करेंगे। अपने अंशों समेत सूर्य वंश में अवतार लेकर इस पापी से मुक्ति दिलाएंगे।