September 27, 2026 20:22:39

AIN Bharat

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,AIN Bharat

वाराणसी में एयर शो को लेकर तैयारियां तेज, 20 लाख दर्शकों की भीड़ संभालने का खाका तैयार

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]

[URIS id=18422]

वाराणसी। अक्टूबर में प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाओं का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। प्रशासन का अनुमान है कि तीन दिनों में करीब 20 लाख दर्शक एयर शो देखने पहुंच सकते हैं, जबकि 25 अक्टूबर को लगभग चार हजार वीआईपी और अतिविशिष्ट मेहमानों के आने की संभावना है।
एयर शो के लिए 22, 23 और 25 अक्टूबर की तारीख प्रस्तावित है। संभावित भीड़ को देखते हुए गंगा पार डोमरी और पड़ाव क्षेत्र में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था किए जाने पर विचार चल रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से गंगा किनारे स्वच्छता प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर और डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संभावित स्थलों का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बसंता महिला कॉलेज और रोडवेज बस डिपो के आसपास पार्किंग के लिए चिह्नित स्थानों को देखा। इसके बाद वीआईपी रूट, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े स्थानों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संभावित भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए पार्किंग क्षमता, प्रवेश और निकास मार्ग तथा यातायात संचालन की स्थिति पर जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई।
वीआईपी रूट के साथ वैकल्पिक रास्ते भी होंगे तैयार
पुलिस कमिश्नर ने वीआईपी और अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित मार्ग की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मुख्य मार्ग के साथ वैकल्पिक रास्तों की भी पहले से योजना तैयार रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर यातायात को डायवर्ट किया जा सके।
एयर शो स्थल पर अधिकृत वाहनों के प्रवेश के लिए अलग और व्यवस्थित पास व्यवस्था रखने पर भी जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना है।
हेलीपैड की सुरक्षा पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था, आपात स्थिति में आवागमन और आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने को लेकर भी अधिकारियों ने जानकारी ली। प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस और यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी सुरक्षा अनिल यादव, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी विजय प्रताप सिंह और शुभम कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
एयर शो की तैयारियों और आयोजन को लेकर पुलिस कमिश्नर ने अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा को ओवरऑल जिम्मेदारी सौंपी है। वह काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल के साथ समन्वय कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।
वहीं, यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी एडीसीपी अंशुमान मिश्रा को दी गई है। भीड़ के दबाव को देखते हुए पार्किंग, रूट डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखना उनके स्तर से प्रमुख चुनौती होगी।

आदर्श यादव वाराणसी

नमस्कार,AIN Bharat में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 7607610210,7571066667,9415564594 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें