शिक्षा की राजधानी काशी में महामना महोत्सव 2023 आगामी 25 दिसंबर 2023 से 08 जनवरी, 2024 तक
शिक्षा की राजधानी काशी में महामना महोत्सव 2023 आगामी 25 दिसंबर 2023 से 08 जनवरी, 2024 तक।
शिक्षा संस्थानों में लगाया जाए महामना का चित्र युवाओं को मिलेगी प्रेरणा।
युवाओं में महामना के योगदानों के प्रति जिज्ञासा बढ़ाएगा यह महोत्सव।
23 दिसम्बर सेवाज्ञ संस्थानम् के तत्त्वावधान में शिक्षा संस्कार और संस्कृति की राजधानी काशी में आगामी 25 दिसंबर से 08 जनवरी तक महान शिक्षाविद बी एच यू के संस्थापक भारत रत्न से सम्मानित मदन मोहन मालवीय जी की 163वीं जयंती के उपलक्ष्य में महामना महोत्सव 2023 का आयोजन कर रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए निबंध काव्य पाठ दौड़ योग भाषण आदि विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
यह जानकारी शनिवार को महोत्सव के संयोजक डॉ.हरेंद्र राय प्रधानाचार्य सनातन धर्म इंटर कॉलेज ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 50 से अधिक कॉलेजों में पढ़ने वाले कक्षा 09 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थी सहभाग कर सकेंगे। श्री राय ने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से काशी की युवा पौध में अपनी संस्कृति परम्परा ज्ञान मूल्यों एवं महामना के विचारों के प्रति जिज्ञासा एवं बोधगम्यता का अंकुरण कराने का प्रयत्न किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सहभागी होने के लिए प्रति विद्यार्थी ₹5 शुल्क तय किया गया है। सभी प्रतियोगियों को प्रमाण पत्र व महामना से संबंधित पुस्तक प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरी प्रतियोगिता में लगभग 03 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम पुरस्कार वितरण काशी हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
आयोजन समिति में निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ.आनन्द प्रभा सिंह, आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिभा यादव, भारतीय शिक्षा मंदिर के प्रधानाचार्य डॉ. चारुचंद्र राम त्रिपाठी, बंगाली टोला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जयप्रकाश पाण्डेय, जयनारायण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेन्द्र श्रीवास्तव, बी टी एस सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. अंजू रॉय कमलाकर चौबे आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमाकांत मिश्र ग्लोरियस एकेडमी के प्रधानाचार्य डॉ. गिरीशचंद्र तिवारी श्रीमती नीति जायसवाल गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज और हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश कुमार सिंह शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि इस महोत्सव के अंतर्गत जनपद के 50 से अधिक कॉलेजों में संपर्क कर वहां परिसर में महामना के चित्र स्थापित कराने हेतु अभियान चलाया गया है। सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और विद्यार्थियों ने यह सेवाज्ञ संस्थानम् के इस पहल की सराहना की और उन्होंने चित्र स्थापित करने के आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया।
