वाराणसी में पटाखों के धमाके से जमींदोज हुआ दो मंजिला मकान, मां-बेटा गंभीर रूप से घायल
1 min read
वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर में गुरुवार शाम हुए सिलसिलेवार धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि करीब 30 वर्ष पुराना दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में चांदनी बेगम और उनका 12 वर्षीय बेटा आदिल घायल हो गए। महिला करीब 85 से 90 प्रतिशत तक झुलस गई हैं, जबकि बच्चे के सिर और कलाई में चोट आई है। दोनों को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिवार की 10 वर्षीय बेटी अरीबा को भी मामूली चोटें आई हैं।
घटना गुरुवार शाम करीब 4:50 बजे की बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, मकान से पहले एक-दो पटाखों जैसी आवाजें सुनाई दीं। कुछ ही सेकंड बाद तीन तेज धमाके हुए और इमारत ढह गई। धमाके का असर आसपास के घरों तक पहुंचा और करीब 10 मकानों को नुकसान हुआ। आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर सारनाथ पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मलबे में मिले पटाखे, बारूद के स्रोत की जांच
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत के अनुसार, मलबे से अनार और शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले बम के पटाखे बड़ी मात्रा में मिले हैं। शुरुआती जांच में मकान में पटाखे बनाने की गतिविधि सामने आई है। पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला बारूद कहां से लाया गया था, इसकी जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एटीएस की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के अनुसार, घटना के संबंध में पुराना पुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला और बीट प्रभारी कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां विस्फोट के कारणों तथा पटाखा निर्माण से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली
घटना के बाद पटाखा बनाने के आरोपी राजू खान की तलाश के दौरान देर रात सरायमोहना के पास पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, झाड़ियों में छिपे राजू ने टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
डीसीपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस के दो खोखे और 170 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की चलाई गोली दारोगा अमरजीत की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूकर निकल गई। पुलिस टीम उस समय सारनाथ एसओ पंकज त्रिपाठी के साथ एयरशो की तैयारियों का जायजा लेने गई थी।
वाराणसी प्रभारी
