पुलिसकर्मी बलराम पाल की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
पुलिसकर्मी बलराम पाल की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज/थरवई। थरवई थाना क्षेत्र के जैतवारडीह गांव निवासी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवारत जवान बलराम पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलराम पाल का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही थरवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आत्महत्या या हत्या? जांच में उलझी गुत्थी
बलराम पाल ने फांसी क्यों लगाई, इसके पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
