September 26, 2026 14:12:58

AIN Bharat

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,AIN Bharat

सारनाथ, सद्भावना व सुहेलदेव एक्सप्रेस के दो-दो मिनट ठहराव की उठी मांग

1 min read

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]

[URIS id=18422]

गाजीपुर। जनपद के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र और लॉर्ड्स डिस्टिलरी जैसी औद्योगिक इकाई वाले नंदगंज रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में किसी भी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं होने से क्षेत्रीय यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, बिहार, गुजरात, सूरत, लखनऊ और वाराणसी सहित विभिन्न शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए गाजीपुर, औड़िहार या वाराणसी जाना पड़ता है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय के साथ ही आने-जाने में अतिरिक्त धन भी खर्च करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कोरोना काल से पहले नंदगंज रेलवे स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस का ठहराव होता था, लेकिन कोरोना काल के बाद रेल सेवाएं सामान्य होने के बावजूद यहां इसका ठहराव पुनः शुरू नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की ओर से कई बार रेलवे अधिकारियों को पत्रक और मांगपत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।
नंदगंज रेलवे स्टेशन के आसपास करीब 15 किलोमीटर की परिधि में देवकली, करंडा, सैदपुर और सदर क्षेत्र के सैकड़ों गांव स्थित हैं। इन गांवों के बड़ी संख्या में यात्री आवागमन के लिए नंदगंज स्टेशन पर निर्भर हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण उन्हें 15 से 20 किलोमीटर दूर दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इसके अलावा बिहार क्षेत्र से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या भी नंदगंज स्टेशन पर काफी रहती है।
नंदगंज क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ स्टेशन पर मालवाहक रैक से माल ढुलाई का कार्य भी होता है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन के व्यावसायिक एवं यात्री महत्व को देखते हुए यहां प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आवश्यक है।
क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नंदगंज रेलवे स्टेशन पर सारनाथ, सद्भावना और सुहेलदेव एक्सप्रेस के अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में कम से कम दो-दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव शुरू हो जाता है तो नंदगंज सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें दूसरे स्टेशनों तक जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने रेलवे बोर्ड एवं संबंधित अधिकारियों से यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यापारिक महत्व को ध्यान में रखते हुए नंदगंज स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग पर शीघ्र विचार करने की अपेक्षा की है।

 

रिपोर्टर Ain भारत न्यूज एम.खालिद

 

नमस्कार,AIN Bharat में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 7607610210,7571066667,9415564594 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें