प्रयागराज जंक्शन पर जख्मी मिले चंदौली के युवक की मौत:मामला संदिग्ध, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तहरीर पर इंतजार कर रही पुलिस
1 min read
प्रयागराज जंक्शन पर जख्मी मिले चंदौली के युवक की मौत:मामला संदिग्ध, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तहरीर पर इंतजार कर रही पुलिस
AiN भारत न्यूज़ ब्यूरो चीफ प्रयागराज
प्रयागराज जंक्शन पर संदिग्ध हालत में मिले युवक की मौत हो गई। वह चंदौली का रहने वाला था। चंदौली जिले के 37 वर्षीय प्रत्युश सिंह की मौत के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। वह प्रयागराज जंक्शन परिसर में जख्मी हालत में मिला था। उसे पुलिस ने सिविल लाइंस स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। चंदौली के मुगलसराय थानांतर्गत भाेजपुर नई बस्ती निवासी सुंदर लाल सिंह के एकलौते पुत्र प्रत्युश सिंह का विवाह वाराणसी में हुआ था। इधर कुछ समय से उसकी पत्नी अपने पुत्र को लेकर मायके में रह रही थी। सुंदर लाल के मुताबिक पोते का जन्मदिन था, जिससे मिलने के लिए 19 जनवरी को प्रत्युश वाराणसी स्थित ससुराल गया था। उसी दिन वहां से अपनी मां को फोन करते हुए रोने लगा। घर आकर पूरी बात बताने को कहा। 20 जनवरी की देर रात करीब दो बजे उनके मोबाइल पर बेटे का फोन आया कि उनकी तबीयत बहुत खराब है। वह प्रयागराज जंक्शन पर है। जिस पर सुंदर लाल ने कल्याणी देवी मंदिर के पास सत्तीचौरा में रहने वाले अपने दामाद नीरज को फोन किया। नीरज अपनी पत्नी को लेकर जंक्शन परिसर में पहुंचे। वहां प्रत्युश कराह रहा था। उसे घर ले आए। सुबह सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। खबर पाकर सुंदर लाल के साढ़ू इलाहाबाद ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह पहुंच गए और उन्होंनें डाक्टरों से बात की। अंत में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी। हालांकि अभी तक किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है।
