छठ मइया के गीतों से गूंजा नंदगंज, श्रद्धालुओं ने गांगी नदी में अर्घ्य
1 min read
छठ मइया के गीतों से गूंजा नंदगंज, श्रद्धालुओं ने गांगी नदी में अर्घ्य
संवाददाता Ain भारत न्यूज
गाज़ीपुर।महापर्व छठ पूजा के अवसर पर नंदगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और आस्था का सागर उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने अपने परिवारजनों के साथ पूजा सामग्री लेकर बरहपुर स्थित गांगी नदी पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाएं छठ मइया के पारंपरिक गीत गाती हुईं नदी तट तक पहुंचीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
गांगी नदी के अलावा कई ग्रामीणों ने अपने गांवों में बने अमृत सरोवरों में भी अर्घ्य दिया। अस्ताचलगामी सूर्य को जल और दूध अर्पित करते हुए व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व का उल्लास चरम पर रहा। नंदगंज बाजार में दोपहर बाद लगभग तीन बजे से सन्नाटा पसर गया था। अधिकांश दुकानें बंद रहीं और लोग पर्व की तैयारियों व पूजा-अर्चना में लीन दिखाई दिए। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस लगी हुई थी।
