तेज हवा और बारिश से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 18 घंटे बाद बहाल हुई आपूर्ति पेड़ गिरने से कई स्थानों पर तार टूटे, पेयजल का भी गहराया संकट
1 min read
गाजीपुर। क्षेत्र में कई दिनों से जारी पश्चिमी विक्षोभ के बीच शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ हुई बारिश ने नंदगंज विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। पेड़ों के बिजली की लाइनों पर गिरने तथा जगह-जगह तार टूटने के कारण नंदगंज बाजार सहित बाघी और विभिन्न ग्रामीण फीडरों से जुड़े दर्जनों गांवों में रात करीब 12 बजे से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लगातार मेहनत के बाद करीब 18 घंटे बाद शनिवार की शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
जानकारी के अनुसार सादात से नंदगंज पावर हाउस को आने वाली मेन लाइन में भी फाल्ट आ गया था। विभागीय कर्मचारियों ने फाल्ट को ठीक करने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर टूटे तारों और लाइनों को दुरुस्त किया। कई स्थानों पर पेड़ हटाने और विद्युत तारों की मरम्मत का कार्य भी किया गया।
बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम तक घरों के इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए और मोबाइल फोन की बैटरी खत्म होने लगी। बिजली से चलने वाले पानी के पंप बंद होने के कारण कई परिवारों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई। लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। बिजली पर निर्भर घरेलू और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित रहे।
बताया गया कि बाघी फीडर के लोनेपुर गांव में रामलाल के घर के पास एलटी लाइन पर पेड़ गिर गया। पचारा गांव में डॉ. बालगोविंदा के घर के पास ट्रांसफार्मर के समीप एलटी तार टूट गया। नारीपचदेवरा में बिहारी हाल्ट के पास भी तार टूटने की सूचना मिली। सरौली गांव में मंटू यादव के घर के पास न्यूट्रल तार टूट गया।
इसी प्रकार नंदगंज फीडर के बरहपुर गांव में गौरव सिंह के घर के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन पर बकाइन का पेड़ गिरने से चारों तार आपस में सट गए। सुरेंद्र कुशवाहा के पंपिंग सेट के पास भी 11 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिरने की सूचना रही। अनिल कुमार भारती के घर के पास एलटी तार टूट गया, जबकि धरवां कुशवाहा बस्ती में दुर्गेश कुशवाहा के घर के पास 440 वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिर गया।
क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी बिजली के खंभे गिरने और तार टूटने की जानकारी सामने आई। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही। लोग दिनभर बिजली विभाग के कर्मचारियों के मरम्मत कार्य पूरा होने का इंतजार करते रहे।
शनिवार की शाम करीब छह बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर नंदगंज बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली आने के बाद लोगों ने सबसे पहले मोबाइल चार्ज करने तथा पानी की व्यवस्था सुचारु करने की कवायद शुरू की।
रिपोर्टर Ain भारत न्यूज एम.खालिद
