28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल का प्रस्ताव, ग्राहकों को पहले ही निपटाने होंगे जरूरी काम
गाज़ीपुर। विभिन्न बैंकों द्वारा अपने खाताधारकों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आगामी बैंक हड़ताल के संबंध में सूचना दी जा रही है। बैंकों की ओर से बताया गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय हड़ताल का प्रस्ताव दिया है।
बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि प्रस्तावित हड़ताल की अवधि को देखते हुए वे अपने जरूरी बैंकिंग लेनदेन और अन्य आवश्यक कार्य पहले ही पूरा कर लें, ताकि हड़ताल के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सूचना में ग्राहकों से नकदी की आवश्यकता होने पर एटीएम/एडीडब्ल्यूएम तथा ग्राहक सेवा केंद्र का उपयोग करने की अपील की गई है। इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई तथा अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
बैंकों की ओर से कहा गया है कि हड़ताल की अवधि में आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरसक प्रयास किया जाएगा। हालांकि, हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों से पहले से ही आवश्यक लेनदेन पूरा करने का अनुरोध किया गया है। बैंक प्रबंधन ने संभावित असुविधा के लिए ग्राहकों से खेद व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया है।
गौरतलब है कि 27 सितंबर 2026 को रविवार होने के बावजूद बैंक खुले रहेंगे, जिससे ग्राहक हड़ताल से पहले अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटा सकते हैं।
एम . खालिद गाज़ीपुर
