बसों का फिटनेस नहीं कराने पर 121 स्कूली बसों का पंजीयन निलंबित
1 min read
वाराणसी में बसों का फिटनेस नहीं कराने पर 121 स्कूली बसों का पंजीयन निलंबित
वाराणसी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। निर्धारित मानकों के अनुरूप फिटनेस नहीं कराने वाली स्कूली बसों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने 121 बसों का पंजीयन निलंबित कर दिया है। संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बसों का फिटनेस कराने का निर्देश दिया गया है। तय अवधि में फिटनेस नहीं कराने पर इन बसों का पंजीयन निरस्त किया जाएगा।
परिवहन विभाग के अनुसार वाराणसी में करीब 2732 स्कूली बसें पंजीकृत हैं, जिनमें से 212 बसों का फिटनेस फेल पाया गया है। विभाग को आशंका है कि फिटनेस में विफल रहने के बावजूद कुछ बसों का इस्तेमाल स्कूली बच्चों के आवागमन में किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए स्कूलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फिटनेस फेल अथवा पंजीयन निलंबित बसों से बच्चों का संचालन किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए। यदि जांच के दौरान ऐसी बसें बच्चों को ले जाते हुए मिलती हैं तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल पहुंचकर हो रही बसों की जांच
परिवहन विभाग की टीमें अब स्कूलों में पहुंचकर बसों की स्थिति की जांच कर रही हैं। स्थलीय निरीक्षण के दौरान बसों के दस्तावेज फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी मानकों को देखा जा रहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिन बसों का फिटनेस फेल है, उनका बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल तो नहीं हो रहा।
अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। फिटनेस और सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही स्कूली बसों के संचालन की अनुमति दी जाएगी।
वाराणसी AIN Bharat news
